डूंगरपुर राजस्थान में मानसून की एंट्री के साथ ही डूंगरपुर जिले में कुदरत का रौद्र रूप देखने को मिला है. शुक्रवार रात को डूंगरपुर शहर सहित जिले के कई हिस्सों में हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. शहर में महज डेढ़ घंटे के भीतर ढाई इंच (68 एमएम) बारिश दर्ज की गई, जिससे पुराना शहर पूरी तरह दरिया में तब्दील हो गया. सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी का तेज बहाव देखने को मिला.


भोईवाड़ा में बहीं गाड़ियां, मची अफरा-तफरी
बारिश का वेग इतना तेज था कि मोची बाजार, कानेरा पोल, घाटी मोहल्ला और भोईवाड़ा की सड़कों पर सैलाब आ गया. पानी के इस भयंकर बहाव में भोईवाड़ा मोहल्ले से गुजर रही एक स्कूटी फंसकर बहने लगी, जिसे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बचाया. वहीं, घरों के बाहर खड़ी कई मोटरसाइकिलें भी तैरने लगीं.

जिन्हें बहने से रोकने के लिए स्थानीय निवासियों को उन्हें रस्सियों से बांधना पड़ा. ब्रह्मस्थली कॉलोनी में भी एक लावारिस बाइक सड़क किनारे मलबे में दबी मिली.
निचली बस्तियों में भरा पानी, पूरी रात थमी नहीं रफ्तार
तेज गर्जना के साथ रात 10 बजे शुरू हुई इस मूसलाधार आफत से शहर की तमाम निचली कॉलोनियों में जलभराव हो गया. डेढ़ घंटे की भारी बारिश के बाद हालांकि रफ्तार थोड़ी कम हुई, लेकिन पूरी रात रुक-रुककर रिमझिम और तेज बौछारों का दौर जारी रहा. शनिवार सुबह भी आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और मौसम विभाग ने डूंगरपुर में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है.
कहाँ कितनी हुई बारिश? (मुख्य आंकड़े)
जिला कंट्रोल रूम के अनुसार, शनिवार सुबह 8 बजे तक डूंगरपुर जिले में औसत 29.11 एमएम बारिश दर्ज की गई है.
- डूंगरपुर शहर: 68 एमएम
- धंबोला: 59 एमएम
- सोमकमला अम्बा बांध क्षेत्र: 42 एमएम
- कनबा: 35 एमएम
- साबला: 32 एमएम
- देवल: 30 एमएम
- सागवाड़ा व आसपुर: 21-22 एमएम
- निठाउवा: 3 एमएम
प्रशासन ने जलभराव वाले इलाकों और नदी-नालों के पास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है.

