डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के देवल गांव में शनिवार को घरेलू विवाद के चलते एक दामाद ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं. आरोपी ने पुलिस चौकी के महज कुछ ही दूरी पर घात लगाकर अपने ही ससुर, सास और पत्नी पर धारदार हथियार और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया. इस अचानक हुए हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मारपीट के बाद बेटी को लेने पहुंचे थे माता-पिता
जानकारी के अनुसार, आमझरा निवासी शंकर की पुत्री सुकना का विवाह देवल निवासी ललित मनात के साथ हुआ था. शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था. हाल ही में पति ललित ने सुकना के साथ बेरहमी से मारपीट की थी. इस बात की सूचना जब सुकना ने अपने पीहर में दी, तो पिता शंकर और माता अमरी अपनी बेटी को सुरक्षित वापस लाने के लिए आमझरा गांव से देवल पहुंचे.
पुलिस चौकी के पास घात लगाकर बैठा था आरोपी दामाद
सुरक्षा के लिहाज से माता-पिता पहले देवल पुलिस चौकी गए और वहां पूरी बात बताने के बाद अपनी बेटी सुकना को साथ लिया. इसके बाद वे एक इको वाहन में सवार होकर वापस अपने गांव आमझरा जाने के लिए रवाना हुए. लेकिन जैसे ही उनका वाहन देवल चौकी के पास पहुंचा, वहां पहले से ही हाथ में धारदार हथियार और पत्थर लेकर घात लगाकर बैठे सनकी दामाद ललित मनात ने उनका रास्ता रोक लिया.
ताबड़तोड़ हमला कर किया लहूलुहान, हालत नाजुक
वाहन रुकते ही ललित ने तैश में आकर अपने ससुर शंकर, सास अमरी और पत्नी सुकना पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया. हमला इतना अचानक और भीषण था कि तीनों को संभलने या बचाव करने का मौका ही नहीं मिला. चीख-पुकार के बीच तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़े. वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया.
आसपास के लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाई और एक निजी वाहन की मदद से तीनों घायलों को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के अनुसार, तीनों के शरीर और सिर पर गहरे घाव हैं और इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़ितों के बयान दर्ज किए. पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी ललित मनात की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी हैं.

