डूंगरपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत कुंआ थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है. पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए 646 ग्राम अवैध सूखे गांजे के साथ एक तस्कर को धर दबोचा. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नाकाबंदी के दौरान हत्थे चढ़ा संदिग्ध
कुंआ थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए लगातार गश्त और नाकाबंदी की जा रही है. इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने खार क्षेत्र के बोडमली-खार रोड पर सघन नाकाबंदी कर रखी थी.
नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम को एक युवक हाथ में सफेद रंग का कट्टा ले जाता हुआ दिखाई दिया. पुलिस को देखकर युवक घबरा गया और चाल तेज करने लगा. संदेह होने पर पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे रोका और हाथ में मौजूद कट्टे की तलाशी ली.
646 ग्राम गांजा जब्त, NDPS एक्ट में मामला दर्ज
कट्टे की सघन जांच करने पर उसमें से 646 ग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी कमलेश डामोर (30), निवासी खार को गिरफ्तार कर लिया तथा गांजे को जब्त कर लिया.
नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी कमलेश से कड़ाई से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह यह गांजा कहाँ से खरीद कर लाया था और इसे किसे सप्लाई करने जा रहा था. इस कार्रवाई से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है.

