बांसवाड़ा गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय (GGTU) में छात्र हितों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया. प्रांत सहमंत्री आनंद निनामा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में नारेबाजी करते हुए कुलपति प्रो. के. एस. ठाकुर को उच्च शिक्षा मंत्री के नाम 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा.

लोकतंत्र की पहली पाठशाला हैं छात्रसंघ चुनाव
प्रदर्शन के दौरान प्रांत सहमंत्री आनंद निनामा ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और जनसेवा का भाव विकसित करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं. उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तत्कालीन गहलोत सरकार ने छात्रसंघ चुनावों पर रोक लगाई थी और अब वही नेता इसे बहाल करने की बातें कर रहे हैं. ABVP ने वर्तमान राज्य सरकार से प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में जल्द से जल्द छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की पुरजोर मांग की है.
ABVP की 5 मुख्य मांगें
- छात्रसंघ चुनाव की बहाली: प्रदेश में हर साल नियमित रूप से छात्रसंघ चुनाव कराए जाएं.
- समान शैक्षणिक कैलेंडर: राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में एक समान शैक्षणिक कैलेंडर लागू हो, जिससे प्रवेश, परीक्षा और परिणाम समय पर जारी हो सकें.
- रिक्त पदों पर भर्ती: कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शिक्षकों व गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के खाली पदों को तुरंत भरा जाए.
- स्थायी प्राचार्यों की नियुक्ति: सभी सरकारी कॉलेजों में स्थायी प्राचार्य (Principal) नियुक्त किए जाएं.
- राजस्थानी भाषा विभाग: सभी विश्वविद्यालयों में राजस्थानी भाषा का पृथक विभाग स्थापित कर विषय विशेषज्ञों की नियुक्ति हो.
आंदोलन की चेतावनी
विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और प्रशासन ने इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो पूरे प्रदेश में चरणबद्ध और उग्र आंदोलन किया जाएगा.
इस दौरान विभाग संयोजक भूमिका निनामा, जिला संयोजक विनोद मईड़ा, इकाई अध्यक्ष राहुल डिंडोर, छात्रा प्रमुख वर्षा डोडियार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

