Headlines

डूंगरपुर में फूटा छात्रों का गुस्सा: स्कूल पर ताला जड़ संचिया-नवलश्याम मार्ग पर लगाया जाम; शिक्षक पर दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप

डूंगरपुर जिले के नवलश्याम स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (राउमावि) में गुरुवार को विद्यार्थियों और अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा. स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी, गणित के शिक्षक के तबादले और एक अन्य शिक्षक की खराब कार्यशैली से नाराज आक्रोशित ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने संचिया-नवलश्याम मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.

गणित शिक्षक के तबादले से भड़के छात्र, बोर्ड परीक्षाओं की चिंता

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने बताया कि स्कूल में पहले से ही हिंदी, अंग्रेजी और विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के पद खाली चल रहे हैं. ऐसे में अब गणित विषय के शिक्षक का भी तबादला कर दिया गया है. शिक्षकों की इस कमी के कारण स्कूल में पढ़ाई पूरी तरह ठप होने की कगार पर है. विद्यार्थियों का कहना है कि इस फैसले से सबसे ज्यादा नुकसान 10वीं और 12वीं कक्षा के बोर्ड परीक्षार्थियों को उठाना पड़ेगा. आक्रोशित छात्रों ने मांग की है कि गणित के शिक्षक का तबादला तुरंत निरस्त किया जाए ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो.

छात्राओं ने लगाया शिक्षक पर अपशब्द कहने का गंभीर आरोप

तालेबंदी के दौरान स्कूल की छात्राओं ने एक अन्य शिक्षक की कार्यशैली पर बेहद गंभीर और संवेदनशील आरोप लगाए. छात्राओं का कहना है कि उक्त शिक्षक स्कूल में उनके साथ दुर्व्यवहार करते हैं और आपत्तिजनक अपशब्दों का प्रयोग करते हैं. शिक्षक की इस हरकत से छात्राओं में गहरा असंतोष और असुरक्षा का माहौल था, जिसके चलते ग्रामीणों को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा.

शिक्षा विभाग में हड़कंप, अधिकारियों के ठोस आश्वासन पर खुला ताला

स्कूल में तालाबंदी और हाईवे जाम की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (CDEO) नवीन चंद मीणा और समसा के एडीपीसी रणछोड़ लाल डामोर तुरंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे.

अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से काफी समझाइश की. उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि छात्राओं से दुर्व्यवहार के आरोपी शिक्षक के खिलाफ निष्पक्ष जांच कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, गणित शिक्षक के स्थान पर बच्चों की पढ़ाई का नुकसान रोकने के लिए तुरंत वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था की जाएगी. इस ठोस आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने जाम खोला और स्कूल का ताला हटाया, जिसके बाद स्थिति शांत हो सकी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *