डूंगरपुर गो संरक्षण और गो संवर्धन का संदेश देने के उद्देश्य से ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत डूंगरपुर शहर में भव्य ‘गो सम्मान यात्रा’ का आयोजन किया गया. जिलेभर से जुटे सैकड़ों गो भक्तों ने एक स्वर में हुंकार भरते हुए केंद्र और राज्य सरकार से गो माता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने और उनके संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने की मांग की.
लक्ष्मण मैदान से निकली विशाल यात्रा
अभियान की शुरुआत में जिलेभर से आए गो भक्त शहर के ऐतिहासिक लक्ष्मण मैदान में एकत्रित हुए. यहाँ से ढोल-नगाड़ों और धार्मिक ध्वजों के साथ ‘गो सम्मान यात्रा’ रवाना हुई. यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहां पूरा मार्ग “जय गो माता” और “भारत माता की जय” के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा.
कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन
शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई यह यात्रा जिला कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची, जहां गो भक्तों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गो माता सनातन संस्कृति और भारतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार हैं, इसलिए उनके संरक्षण के लिए ठोस कानूनी कदम उठाना बेहद जरूरी है.
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद गो भक्तों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में रखी गईं मुख्य मांगें:
- गो माता को अविलंब ‘राष्ट्रमाता’ का आधिकारिक दर्जा दिया जाए.
- देशभर में गो-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए एक कड़ा केंद्रीय कानून लागू हो.
- गोवंश के बेहतर संरक्षण, संवर्धन और देख-रेख के लिए पृथक ‘केंद्रीय गोसेवा मंत्रालय’ का गठन किया जाए.

