डूंगरपुर स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के शीर्ष शहरों में अपनी पहचान बनाने वाले डूंगरपुर शहर की खूबसूरती से खिलवाड़ करने वालों पर अब गाज गिरना शुरू हो गई है. नगर परिषद आयुक्त प्रकाश डूडी ने शहर को “बदरंग” करने वाले पोस्टर और बैनर माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए तीन प्रमुख कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं.

इन कोचिंग संस्थानों पर होगी कार्रवाई
नगर परिषद की टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में पाया गया कि कई संस्थानों ने सार्वजनिक संपत्ति और मुख्य मार्गों की दीवारों पर अवैध रूप से पोस्टर चिपकाए हैं. आयुक्त के निर्देश पर कोतवाली थाने में जिन संस्थानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने हेतु पत्र भेजा गया है, उनमें शामिल हैं:
- सर्वोदय अकादमी सेंटर
- महादेव डिफेंस एकेडमी
- स्वास्तिक कोचिंग सेंटर
स्वच्छता रैंकिंग को लेकर परिषद गंभीर
आयुक्त प्रकाश डूडी ने बताया कि डूंगरपुर शहर अपनी स्वच्छता और सौंदर्य के लिए जाना जाता है. लेकिन इन संस्थानों द्वारा सदर थाना चौराहा, कॉलेज रोड और अन्य सार्वजनिक दीवारों पर धड़ल्ले से की जा रही पोस्टरबाजी से शहर की छवि खराब हो रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की गतिविधियों से स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की ‘नेगेटिव मार्किंग’ होती है. यदि रैंकिंग गिरती है, तो इसका नुकसान पूरे शहर को उठाना पड़ता है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
रात में होगी गश्त, वसूलेंगे सफाई का खर्च
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर परिषद ने अब विशेष रणनीति तैयार की है. परिषद की टीमें अब रात के समय भी गश्त करेंगी ताकि चोरी-छिपे पोस्टर चिपकाने वालों को रंगे हाथों पकड़ा जा सके. आयुक्त ने चेतावनी दी है कि उल्लंघन करने वालों पर न केवल भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि दीवारों की पुताई और सफाई में आने वाला पूरा खर्च भी संबंधित संस्थान से ही वसूला जाएगा.

