Headlines

डूंगरपुर: NH-48 पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ईको कार ने बाइक को मारी टक्कर; एक युवक की मौत, दूसरा घायल

डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे 48 पर भुवाली ब्रिज के पास बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. एक तेज रफ्तार ईको कार ने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है.

पीछे से मारी जोरदार टक्कर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देवल खास मनात फला निवासी प्रभुलाल मनात ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है. रिपोर्ट में बताया गया कि बुधवार रात उनका भतीजा अंकित (पुत्र रमेश चंद्र) और उसका दोस्त प्रवेश (पुत्र वाडीलाल डामोर) बाइक पर सवार होकर देवल से बिछीवाड़ा की ओर जा रहे थे.

जैसे ही वे भुवाली ब्रिज के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ईको कार ने उनकी बाइक को रौंद दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे, जिससे उन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं.

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद राहगीरों की मदद से एंबुलेंस बुलाई गई और दोनों घायलों को डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अंकित की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गुजरात रेफर कर दिया. परिजन उसे लेकर गुजरात जा रहे थे, लेकिन रास्ते में बलवाड़ा के पास अंकित ने दम तोड़ दिया.

पुलिस कर रही फरार चालक की तलाश

हादसे के बाद चालक ईको कार लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। मृतक अंकित के शव को वापस डूंगरपुर अस्पताल की मॉर्च्युरी लाया गया, जहां गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. वहीं, घायल प्रवेश का इलाज फिलहाल डूंगरपुर में जारी है. बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *