डूंगरपुर जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवाडेरा इलाके में दो बाइकों के बीच भीषण टक्कर हो गई. इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक पर सवार एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई और एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है.
तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से मारी टक्कर
कोतवाली थाने के हेड कांस्टेबल महेश कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आसेला निवासी दिनेश रोत ने पुलिस में दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है. रिपोर्ट के अनुसार, उनका बेटा ललित रोत, अपने चचेरे भाई अरविंद और दोस्त आशीष के साथ बाइक पर सवार होकर माड़ा गामड़ी से वापस अपने गांव आसेला लौट रहे थे. इसी दौरान डूंगरपुर शहर के नवाडेरा मुख्य मार्ग पर पीछे से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी.
इलाज के दौरान तोड़ा दम, अस्पताल में पसरा मातम
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं. हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया. जहाँ डॉक्टरों ने त्वरित इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल ललित ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. ललित की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में मातम पसर गया.
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची. पुलिस ने मृतक ललित के शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया. इसके बाद पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है. पुलिस ने पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

