डूंगरपुर जिले में ओबरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किराना दुकान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री जब्त की है. पुलिस ने इस मामले में दुकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे गहन पूछताछ की जा रही है.
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारी रेड
ओबरी थानाधिकारी (सीआई) रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी. सूचना में बताया गया था कि ओबरी कस्बे का रहने वाला राजेंद्र सिंह पंवार अपनी किराना दुकान की आड़ में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री रखकर उसकी बिक्री कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत रणनीति बनाई और राजेंद्र सिंह पंवार पुत्र लक्ष्मणसिंह पंवार की दुकान पर अचानक छापा मारा.
COUNTER के नीचे कट्टे में छुपाया था विस्फोटक
तलाशी के दौरान पुलिस को दुकान के काउंटर के अंदर छुपाकर रखा गया एक सफेद प्लास्टिक का कट्टा मिला. कट्टे को खोलने पर पुलिस भी हैरान रह गई. उसमें से 53 जिलेटिन की छड़ें (गुल्ले) तथा 5 टुकड़े, 100 डेटोनेटर और लगभग 46 फीट फ्यूज वायर बरामद हुआ. इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी.
बिना लाइसेंस के कर रहा था बिक्री
पुलिस ने जब आरोपी राजेंद्र सिंह से विस्फोटक सामग्री रखने और बेचने से संबंधित वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका. मानव जीवन को खतरे में डालने और बिना किसी अनुमति के विस्फोटक सामग्री रखने के जुर्म में पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

