Headlines

डूंगरपुर: ओवरलोड स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पलटी, 14 मासूम बच्चे घायल; सीमलवाड़ा अस्पताल में इलाज जारी

राजस्थान के डूंगरपुर जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. धंबोला थाना क्षेत्र के पीठ-दरियाटी बायपास पर बच्चों को स्कूल ले जा रही एक वैन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में वैन में सवार 14 स्कूली बच्चे घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.

ग्रामीणों ने की तुरंत मदद.

घटना के समय वैन बच्चों को उनके घरों से लेकर स्कूल जा रही थी। वैन पलटते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद वैन में फंसे मासूमों को बाहर निकाला और निजी वाहनों की मदद से सीमलवाड़ा अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल सभी घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वैन की रफ्तार काफी तेज थी और उसमें क्षमता से अधिक बच्चे बिठाए गए थे. तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के चलते चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे वैन सड़क किनारे पलट गई. इस हादसे ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा और क्षमता से ज्यादा बच्चों को ढोने की लापरवाही उजागर कर दी है.

पुलिस जांच में जुटी, उठे सुरक्षा पर सवाल

हादसे की सूचना मिलते ही धंबोला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनास्थल का जायजा लिया. इसके बाद पुलिस टीम ने सीमलवाड़ा अस्पताल जाकर बच्चों के स्वास्थ्य का हालचाल जाना. पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वैन चालक और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच शुरू कर दी है. जांच में वाहन की तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और लापरवाही जैसे प्रमुख बिंदुओं को शामिल किया गया है. स्थानीय लोगों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने स्कूल वाहनों के सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *