Headlines

डूंगरपुर: पुराने बस स्टैंड पर गैस सिलेंडर सप्लाई टेंपो में भीषण आग, केबिन जलकर खाक; टला बड़ा हादसा

डूंगरपुर शहर के व्यस्ततम इलाके पुराने बस स्टैंड पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाले एक टेंपो के केबिन में अचानक भीषण आग लग गई. गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त टेंपो खाली था, जिससे एक बड़ा विस्फोट होने से टल गया. हालांकि, दमकल विभाग की देरी से पहुंचने पर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया.

केबिन से उठीं लपटें, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी गैस एजेंसी का एक टेंपो शहर में डिलीवरी देने के बाद वापस एजेंसी की ओर लौट रहा था. विजयगंज कॉलोनी के सामने अचानक टेंपो के केबिन में शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण आग लग गई. ड्राइवर सोहनलाल हड़ात ने जैसे ही केबिन से धुआं और लपटें उठती देखीं, उसने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी सड़क के बीच ही रोकी और नीचे कूद गया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और केबिन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया.

स्थानीय दुकानदारों ने साहस दिखाकर बुझाई आग

हादसे के वक्त मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. आसपास के दुकानदारों, थड़ी संचालकों और राहगीरों ने बिना समय गंवाए साहस दिखाया. लोग अपने बर्तनों और बाल्टियों में पानी भरकर दौड़े और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से लपटों को शांत किया गया. आग इतनी भीषण थी कि टेंपो का केबिन पूरी तरह जल गया और सामने का कांच भी चकनाचूर हो गया.

दमकल की देरी पर उठे सवाल

शहर के बीचों-बीच हुई इस घटना के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसे लेकर लोगों ने नगर परिषद और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि अगर टेंपो में गैस सिलेंडर लदे होते, तो दमकल की इस देरी के कारण पूरा इलाका भारी तबाही का शिकार हो सकता था. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *