प्रतापगढ़ जिले के छोटीसादड़ी उपखंड अंतर्गत अंबावली स्थित चंडी माता पुलिया पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. बुधवार को नाले में आए पानी के तेज बहाव को पार करने के दौरान 50 वर्षीय व्यक्ति बह गया. प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा मना करने के बावजूद जोखिम उठाना भारी पड़ गया. सूचना पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने घंटों सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी.
लोगों के मना करने के बाद भी बहाव में उतरा व्यक्ति
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सियाखेड़ी निवासी 50 वर्षीय रामलाल मीणा चंडी माता पुलिया पर बने रपट को पार कर रहे थे. उस दौरान रपट पर पानी का बहाव काफी तेज था. मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बहते पानी में जाने से रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन वे नहीं माने और आगे बढ़ गए. रपट के बीच पहुंचते ही वे संतुलन खो बैठे और पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए.
2 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन, जेसीबी की भी ली मदद
घटना की सूचना मिलते ही धोलापानी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की. हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रतापगढ़ और धरियावद से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीमों को बुलाया गया.
मौके पर एसडीएम यतींद्र पोरवाल और तहसीलदार रूपेश मेघवाल सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर कमान संभाली. पानी के अति-प्रवाह वाले स्थानों पर तलाश के लिए जेसीबी (JCB) मशीन की भी मदद ली गई, लेकिन रामलाल का कोई सुराग नहीं मिला.
अंधेरा होने पर रुका, सुबह फिर शुरू हुआ सर्च अभियान
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि दो घंटे से अधिक समय तक चले अथक प्रयास के बाद भी पानी की प्रचंड गति और रात का अंधेरा होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से बुधवार शाम रेस्क्यू रोकना पड़ा.
गुरुवार सुबह 7 बजे से रेस्क्यू टीमों ने चंडी माता पुलिया और आसपास के डूब क्षेत्रों में दोबारा व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. पुलिस और गोताखोरों की टीम लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई हैं.

