राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. पीपलखूंट थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने एक संयुक्त और त्वरित कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से तस्करी की जा रही 4 किलो 171 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी जा रही है. पुलिस ने मौके से एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया है.

पुलिस को देख भागने लगा तस्कर, घेराबंदी कर दबोचा
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और पीपलखूंट पुलिस उप अधीक्षक दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में थानाधिकारी छबीलाल के नेतृत्व में अंजाम दी गई. पीपलखूंट थाने के सामने पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध वाहनों की नाकाबंदी की जा रही थी. इसी दौरान प्रतापगढ़ की तरफ से आ रहा एक मोटरसाइकिल चालक सामने पुलिस को देखकर घबरा गया और अचानक वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और उसे रोककर पूछताछ की.
पूछताछ में खुला राज, एमपी का निकला आरोपी
संदेह होने पर जब पुलिस ने युवक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम पप्पू उर्फ यशवंत (27) पुत्र शांतिलाल पाटीदार, निवासी गरोड़ा, थाना दलौदा, जिला मंदसौर (मध्य प्रदेश) बताया. हालांकि, पुलिस की नाकाबंदी देखकर अचानक बाइक मोड़ने और भागने का वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया.
बाइक की सीट और एयर फिल्टर में थी ‘सीक्रेट स्कीम’
जब पुलिस ने मोटरसाइकिल की गहनता से तलाशी ली, तो अधिकारी भी तस्कर की चालाकी देखकर हैरान रह गए. तस्कर ने बाइक की सीट के नीचे एक विशेष गुप्त जगह (स्कीम) बना रखी थी, जिसमें प्लास्टिक की पारदर्शी थैलियों में अफीम भरी हुई थी. सिर्फ इतना ही नहीं, पुलिस ने जब बाइक के एयर फिल्टर को खोला, तो उसके भीतर भी अफीम की कई थैलियां छिपाई गई थीं. पुलिस ने दोनों जगहों से कुल 41 थैलियां बरामद कीं, जिनका वजन करने पर कुल 4 किलो 171 ग्राम अवैध अफीम पाई गई.
NDPS एक्ट में मामला दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पीपलखूंट थाना पुलिस ने अवैध अफीम और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी पप्पू उर्फ यशवंत पाटीदार को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अफीम की यह बड़ी खेप वह मध्य प्रदेश से लाया था या प्रतापगढ़ के किसी स्थानीय सप्लायर से ली थी, और इसे आगे कहाँ डिलीवर किया जाना था.

