Headlines

प्रतापगढ़: नोत कार्यक्रम से लौट रहे ग्रामीणों के साथ दर्दनाक हादसा, टेम्पो पलटने से 10 साल के मासूम की मौत, 10 घायल

प्रतापगढ़/अरनोद जिले के अरनोद उपखंड के सेवना गांव के पास गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. कनाड क्षेत्र में आयोजित एक सामाजिक ‘नोत’ कार्यक्रम से लौट रहे ग्रामीणों से भरा एक टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दुखद घटना में एक 10 वर्षीय मासूम बालक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों सहित करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

रात 2 बजे हुआ हादसा, मची चीख-पुकार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर क्षेत्र से गुरुवार रात करीब 9 बजे 30 से 40 ग्रामीण एक टेम्पो में सवार होकर कनाड (गौतमेश्वर) में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. देर रात करीब 2 बजे जब सभी ग्रामीण वापस रायपुर लौट रहे थे, तभी सेवना गांव के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और यात्रियों से ठसाठस भरा टेम्पो सड़क पर ही पलट गया. सुनसान राह में देर रात हुए इस हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया.

उपचार के दौरान मासूम ने तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही सालमगढ़ थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची. सभी घायलों को तुरंत दलोट अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया.

हादसे में कोटड़ा (थाना पिपलौदा) निवासी 10 वर्षीय सिकंदर पुत्र मुकेश डामोर गंभीर रूप से घायल हो गया था. सिकंदर अपने पिता के साथ नाना के घर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मासूम सिकंदर ने दम तोड़ दिया.

हादसे में घायल हुए ग्रामीण

अस्पताल रिकॉर्ड के अनुसार, इस दुर्घटना में कालूराम (50), खुशी (5), ईश्वर (15), कानू (21), तारा (15), बादल (2), आदेश (6 माह), दिनेश (58), हीरालाल (30) और बहादुर (35) घायल हुए हैं. घायलों में छोटे बच्चों की संख्या अधिक है, जिनका फिलहाल उपचार जारी है.

पुलिस की कार्रवाई

सालमगढ़ थाने के हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है. शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हादसा वाहन की ओवरलोडिंग के कारण हुआ या तेज रफ्तार की वजह से.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *