Headlines

प्रतापगढ़: राजस्थान बार काउंसिल चुनाव के लिए मतदान जारी, 23 सदस्यों के चयन के लिए वकीलों में भारी उत्साह

प्रतापगढ़ राजस्थान बार काउंसिल के प्रतिनिधियों के चुनाव को लेकर आज प्रतापगढ़ जिले सहित पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक उत्साह देखने को मिल रहा है. बार काउंसिल के 23 सदस्यों के निर्वाचन के लिए जिले के वकील अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. मतदान की गंभीरता और वकीलों की भागीदारी को देखते हुए आज न्यायिक कार्यों को पूरी तरह स्थगित रखा गया है.

234 प्रत्याशी मैदान में, वरीयता के आधार पर मतदान

जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कमल सिंह गुर्जर ने बताया कि राजस्थान बार काउंसिल के इस चुनाव में प्रदेश भर से कुल 234 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इनमें से शीर्ष 23 सदस्यों का चयन किया जाना है. मतदान की प्रक्रिया ‘वरीयता’ (Preference) के आधार पर संपन्न हो रही है, जिसमें एक अभिभाषक कुल 23 सदस्यों के पक्ष में अपनी प्राथमिकता के अनुसार वोट दे सकता है.

न्यायालय परिसर में गहमागहमी, शाम 5 बजे तक वोटिंग

प्रतापगढ़ न्यायालय परिसर में मतदान सुबह से ही शुरू हो गया, जो शाम 5 बजे तक निरंतर जारी रहेगा. निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, जिले के लगभग 294 वकील इस मतदान प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं. चुनाव को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं. न्यायालय परिसर में सुबह से ही वकीलों की गहमागहमी और चर्चाओं का दौर जारी है.

कार्यकारिणी का होगा गठन

उल्लेखनीय है कि इस चुनाव के माध्यम से निर्वाचित होने वाले 23 सदस्य ही आगे चलकर बार काउंसिल ऑफ राजस्थान की कार्यकारिणी का गठन करेंगे. यह परिषद वकीलों के हितों, पेशेवर मानकों और न्यायिक सुधारों के लिए प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लेती है. यही कारण है कि स्थानीय वकीलों में अपने प्रतिनिधियों को चुनने के लिए खासा उत्साह और सक्रियता देखी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *