Headlines

प्रतापगढ़: सड़क हादसे के बाद भारी तनाव: दो पक्षों में मारपीट, कार चालक लापता, शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

प्रतापगढ़ शहर के नीमच नाका तिराहे पर सोमवार देर रात कार और स्कूटी के बीच हुई जोरदार भिड़ंत के बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया. हादसे के बाद भड़के विवाद में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ हुई. इस घटनाक्रम के बाद से घायल कार चालक रहस्यमय तरीके से लापता है, जिससे परिजनों में आक्रोश है. मामले की गंभीरता और शहर में बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने विभिन्न संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है.

हादसे के बाद अस्पताल में भी हुआ हंगामा

जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना सोमवार रात करीब 11:30 बजे की है। टक्कर में स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया. वहीं, दूसरी ओर कार चालक हर्षवर्धन ग्वाला ने स्कूटी चालक और उसके साथियों पर मारपीट व कार में तोड़फोड़ करने के आरोप लगाए. इसके बाद हर्षवर्धन को भी इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया.

विवाद यहीं शांत नहीं हुआ. जब दोनों पक्षों के लोग और हर्षवर्धन के परिजन अस्पताल परिसर पहुंचे, तो वहां एक बार फिर दोनों गुट आमने-सामने हो गए और तीखी कहासुनी के साथ हंगामा शुरू हो गया. अस्पताल में अशांति की सूचना मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक (DSP) गजेंद्र सिंह राव और कोतवाली थाना अधिकारी शंभू सिंह झाला भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर बमुश्किल स्थिति को शांत कराया.

कार चालक लापता, भाई ने दर्ज कराया मुकदमा

इस मामले में नया मोड़ तब आया जब अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद कार चालक हर्षवर्धन ग्वाला अचानक गायब हो गया. हर्षवर्धन के भाई अनिल ग्वाला ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है. रिपोर्ट में आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले, बेरहमी से मारपीट और वाहन तोड़फोड़ के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. साथ ही पुलिस को बताया गया कि घटना के बाद से हर्षवर्धन का कुछ पता नहीं चल रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *