Headlines

सलूंबर: ग्रामीणों की सजगता से बची पैंथर की जान; घायल नर पैंथर का वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू, इलाज के लिए उदयपुर भेजा

सलूंबर जिला क्षेत्र के सराड़ा वन रेंज के सल्लाडा गांव में एक घायल नर पैंथर मिलने से हड़कंप मच गया. हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया. टीम ने करीब डेढ़ वर्षीय इस घायल पैंथर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे इलाज के लिए उदयपुर भिजवाया है. वन्यजीव संरक्षण को लेकर विभाग की इस मुस्तैदी और ग्रामीणों की जागरूकता की हर तरफ सराहना हो रही है.

झाड़ियों में असामान्य स्थिति में दिखा पैंथर

जानकारी के अनुसार, सल्लाडा गांव के पास ग्रामीणों ने एक पैंथर को बेहद असामान्य और लाचार स्थिति में देखा. चोटिल होने के कारण पैंथर ठीक से चल-फिर नहीं पा रहा था और दर्द से कराह रहा था. ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए पैंथर को परेशान करने के बजाय तुरंत इसकी सूचना सराड़ा वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम आवश्यक साजो-सामान के साथ मौके पर पहुंची और सुरक्षा घेरा तैयार किया.

सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में चल रहा है इलाज

रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर रखते हुए बेहद सावधानी से पैंथर को ट्रेंकुलाइज कर पिंजरे में लिया. अभियान के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि वन्यजीव को कोई अतिरिक्त चोट या तनाव न पहुंचे

सराड़ा वन अधिकारी खेमराज मीणा ने बताया कि रेस्क्यू किया गया पैंथर नर है और उसकी उम्र करीब डेढ़ वर्ष है. प्रारंभिक जांच में वह घायल पाया गया है. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत बेहतर इलाज और वन्यजीव विशेषज्ञों की देखरेख के लिए सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क, उदयपुर भेजा गया है. पैंथर को चोट कैसे लगी, इसके कारणों की जांच की जा रही है. वन अधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की है कि वन्यजीवों की ऐसी किसी भी स्थिति में तुरंत विभाग को सूचित करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *