Headlines

उदयपुर: अग्नि सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, मेवाड़ बैंक्वेट और बालाजी कोचिंग संस्थान सीज

उदयपुर शहर में अग्नि सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम उदयपुर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को सख्त कार्रवाई की गई. निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देशानुसार, सुरक्षा नियमों की अवहेलना करने पर मेवाड़ बैंक्वेट और बालाजी कोचिंग संस्थान को सीज कर दिया गया है. इन दोनों ही संस्थानों को पहले नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने सुरक्षा उपकरण स्थापित करने में गंभीर लापरवाही बरती.

जनजीवन को खतरे में डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने साफ शब्दों में कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सार्वजनिक स्थलों, बैंक्वेट हॉल, कोचिंग संस्थानों, व्यावसायिक भवनों, होटलों और अस्पतालों जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी सीधे तौर पर जनजीवन को खतरे में डालती है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

लगातार जारी रहेगा सर्वे और सीजिंग का अभियान

मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि शहर के अन्य प्रतिष्ठानों का भी लगातार सर्वे और निरीक्षण किया जा रहा है. जिन संस्थानों में कमियां पाई जाएंगी, उन्हें नोटिस दिए जाएंगे. यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो उनके खिलाफ भी सीजिंग जैसी कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

कार्रवाई के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी, अग्निशमन अधिकारी शिवराम मीणा, सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप सिंह बग्गा और निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी सहित विभाग की टीम मौजूद रही. आयुक्त ने सभी भवन मालिकों और व्यवसायिक संचालकों से अपील की है कि वे किसी भी संभावित दुर्घटना से बचने के लिए तुरंत फायर अलार्म, अग्निशमन उपकरण और आपातकालीन निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *