Headlines

उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर चलते ट्रक में लगी भीषण आग, सरसों के तेल से भरा ट्रक जलकर हुआ राख

उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बारापाल के पास एक मिनी ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई. ट्रक में सरसों का तेल भरा होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक आग का गोला बन गया. गनीमत रही कि धुआं निकलता देख ड्राइवर ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली.

सीजर पैलेस होटल के सामने हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा हाईवे पर स्थित सीजर पैलेस होटल के ठीक सामने हुआ. मिनी ट्रक अहमदाबाद की तरफ से उदयपुर की ओर आ रहा था. जैसे ही ट्रक बारापाल के पास पहुँचा, अचानक उसके केबिन से धुआं निकलने लगा. ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत ट्रक को सड़क किनारे रोककर बाहर छलांग लगा दी. कुछ ही पलों में आग की लपटों ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया.

सरसों के तेल ने बढ़ाई आग की तीव्रता

ट्रक में सरसों के तेल के पीपे भरे हुए थे. तेल के ज्वलनशील होने के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि दूर-दूर तक धुएं का काला गुबार और ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं. हाईवे से गुजर रहे राहगीर और आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. इस दौरान ट्रक में भरा हजारों लीटर तेल जलकर बर्बाद हो गया और वाहन पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो गया.

हाइवे पर लगा जाम, दमकल ने पाया काबू

हादसे के बाद नेशनल हाईवे-48 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक जाम के हालात बन गए. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए ट्रक को सड़क के बीच से हटाकर साइड में करवाया, तब जाकर यातायात सुचारू हो सका.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *