उदयपुर जिले के नई थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामवास पाई, अलसीगढ़ के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहाँ एक 25 वर्षीय युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई. सूचना मिलने पर राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला.
कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंचा रेस्क्यू दल
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि अलसीगढ़ के पास रामवास पाई क्षेत्र में एक युवक पानी में डूब गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग, उदयपुर के उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौर ने तत्काल प्रभाव से एक रेस्क्यू टीम का गठन कर मौके के लिए रवाना किया.
आधे घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव
रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुँचकर तुरंत खोज अभियान शुरू किया. करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत और पानी की गहराइयों को खंगालने के बाद गोताखोरों ने युवक के शव को ढूंढ निकाला. टीम ने शव को पानी से बाहर निकाल कर स्थानीय नई थाना पुलिस के सुपुर्द किया. इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में वाहन चालक बने सिंह गुर्जर, गोताखोर रवि शर्मा, कैलाश गमेती और मुकेश सेन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
मृतक की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शंकर लाल हीरावत (25), पिता केशु लाल हीरावत के रूप में हुई है, जो रामवास पाई का निवासी था. पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. युवक की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए.

