उदयपुर (खेरवाड़ा) जिले के नयागांव उपखंड क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. नयागांव उपखंड की पाटिया थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बेहद बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस की चौकसी के चलते अवैध अंग्रेजी शराब से भरी एक चमचमाती सेल्टोस कार को जब्त किया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, पाटिया थाना पुलिस को क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की. इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध सेल्टोस कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो उसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई पाई गई.
3 लाख रुपये बताई जा रही बरामद शराब की कीमत
कार की सघन तलाशी के दौरान पुलिस ने राजस्थान निर्मित विभिन्न प्रतिष्ठित ब्रांड की अवैध अंग्रेजी शराब के कुल 38 कार्टून बरामद किए. जब्त की गई इस शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने तुरंत शराब और तस्करी में प्रयुक्त सेल्टोस कार को अपने कब्जे में ले लिया.
नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ही दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है. पाटिया थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था. इस तस्करी के पीछे जुड़े पूरे सिंडिकेट और नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

