Headlines

उदयपुर: मावली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार, 3 लाख की शराब व ट्रक जब्त

मावली पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मावली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने उदयपुर रोड पर नाकाबंदी के दौरान अवैध शराब का परिवहन कर रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही मौके से 19 कार्टन शराब से भरा एक ट्रक भी जब्त किया गया है.

उदयपुर रोड पर लक्की होटल के पास हुई कार्रवाई

थाना अधिकारी अशोक कुमार बिश्नोई ने बताया कि अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस टीम उदयपुर रोड पर लक्की होटल के पास गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जब गहनता से तलाशी ली गई, तो उसमें राजस्थान में बिक्री के लिए प्रतिबंधित/अवैध शराब के 19 कार्टन पाए गए.

3 लाख रुपये अनुमानित कीमत, दो गिरफ्तार

बरामद शराब में विभिन्न नामी ब्रांडों की व्हिस्की, बीयर, वोदका और जिन शामिल हैं, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने मौके से ट्रक चालक चुन्नीलाल (39) पुत्र मांगला और सहचालक वंशीलाल (45) पुत्र नानालाल खटीक, निवासी फलीचड़ा (थाना फतहनगर) को गिरफ्तार कर लिया.

आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

मावली थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह अवैध शराब कहां से भरी गई थी और इसकी डिलीवरी कहां दी जानी थी. पुलिस की इस तत्परता से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *