उदयपुर जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-48 पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. भटेवर स्थित ओवरब्रिज के पास हुए इस हादसे में कार सवार दो महिलाओं और एक बच्चे सहित कुल पांच लोग घायल हो गए. गनीमत यह रही कि इस भीषण टक्कर के बावजूद किसी को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया.
ओवरटेक के चक्कर में डिवाइडर पर चढ़ी कार, ट्रक पलटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब सब्जियों से भरा एक ट्रक और एक कार दोनों चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहनों की गति काफी तेज थी. ओवरब्रिज के पास ट्रक चालक ने कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और उसने कार को साइड से जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई, जबकि सब्जियों से भरा ट्रक सड़क पर ही पलट गया. ट्रक पलटने से उसमें लदे सब्जियों के कट्टे पूरे हाईवे पर बिखर गए, जिससे मार्ग का यातायात बाधित हो गया.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
पुलिस ने सुचारू कराया यातायात
सूचना मिलते ही खेरोदा थाने से हेड कांस्टेबल उदयलाल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तुरंत क्रेन को बुलाकर सड़क पर पलटे ट्रक को सीधा करवाया और क्षतिग्रस्त कार को हटाकर किनारे किया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात को पुनः सुचारू रूप से बहाल किया गया. पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है, शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

