उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ बिजली का फॉल्ट ठीक कर रहे एक लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई. 11 KV की हाईटेंशन लाइन पर काम करते समय अचानक बिजली चालू होने से जोरदार धमाका हुआ और लाइनमैन पोल से नीचे आ गिरा. हादसे में लाइनमैन का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया.
पोल पर हुआ जोरदार धमाका
जानकारी के अनुसार, घटना डबोक थाना क्षेत्र के तुलसीदास जी की सराय इलाके की है. यहाँ 11 KV की लाइन में आए फॉल्ट को दुरुस्त करने के लिए लाइनमैन शौकत शेख खंभे पर चढ़े थे. जब वे काम कर रहे थे, तभी अचानक लाइन में करंट दौड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट दौड़ते ही एक तेज धमाका (ब्लास्ट) हुआ. झटके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शौकत पोल से नीचे गिर गए और उनका एक पैर पूरी तरह टूट गया.
मौके पर ही तोड़ा दम, परिजनों में कोहराम
करंट और ऊंचाई से गिरने के कारण शौकत शेख की मौके पर ही मौत हो गई. धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और बिजली विभाग व पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही डबोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर डबोक सीएचसी (CHC) की मोर्चरी में रखवाया. हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया.
लापरवाही पर उठे सवाल: किसने चालू की लाइन?
हादसे के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. परिजनों का सीधा सवाल है कि जब लाइनमैन पोल पर काम कर रहा था और शटडाउन लिया गया था, तो अचानक लाइन किसने शुरू की? यह बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. परिजनों की रिपोर्ट के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा.

