उदयपुर में रविवार देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. प्रतापनगर चौराहा से मादड़ी ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार कार और स्कूटी के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पुल की लोहे की रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे जा गिरे. हादसे में कार सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

ब्रिज से नीचे गिरे वाहन, मौके पर मची चीख-पुकार
घटना रात करीब 1:30 बजे की है. जानकारी के अनुसार, मादड़ी ब्रिज पर इनोवा क्रिस्टा कार (RJ14 UF 7099) और एक स्कूटी (MP04 ZF 9554) में आमने-सामने की भिड़ंत हुई. रफ्तार इतनी तेज थी कि स्कूटी को टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए स्कूटी के साथ ही ब्रिज से नीचे गिर गई. आधी रात को हुए इस धमाके और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े.
मृतकों में MP के युवक शामिल, कैटरिंग का करते थे काम
थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि हादसे में स्कूटी सवार तीनों युवकों की मौके पर ही सांसें थम गईं. मृतकों की पहचान अर्जुनसिंह (40) पुत्र सागर सिंह (निवासी देवास, एमपी) और सौरभ (30) (निवासी भोपाल) के रूप में हुई है. तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि तीनों युवक कैटरिंग का काम करते थे और देर रात एक शादी समारोह से काम निपटाकर घर लौट रहे थे.
कार सवार दो घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में कार सवार योगेश भाट (25) और शिवम (19) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. दोनों मादड़ी प्रतापनगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घायलों को तुरंत महाराणा भूपाल (MB) अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है. पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार की गति बहुत अधिक थी, जिसके कारण चालक संतुलन खो बैठा. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

