Headlines

उदयपुर: चलती बाइक बनी आग का गोला, खड़ी कार से टकराते ही दोनों में मची तबाही; अंबावगढ़ पुलिया पर हड़कंप

झीलों की नगरी उदयपुर के अंबावगढ़ नई पुलिया पर गुरुवार देर रात एक खौफनाक मंजर देखने को मिला. यहाँ एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई, जो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक कार से जा टकराई. टक्कर होते ही कार ने भी आग पकड़ ली और देखते ही देखते दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए. इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि समय रहते बाइक सवार के कूदने से उसकी जान बच गई.

पेट्रोल भरवाकर निकला था युवक, अचानक उठा धुआं

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार रात करीब 10:30 बजे की है. एक युवक चेतक स्थित पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाकर अंबावगढ़ नई पुलिया की ओर जा रहा था. जैसे ही वह पुलिया पर पहुँचा, उसे अपनी चलती बाइक से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया. आग लगने की आशंका को भांपते हुए युवक ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत चलती बाइक से नीचे कूद गया.

खड़ी कार से टकराई जलती बाइक

युवक के कूदते ही जलती हुई बाइक ढलान पर अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी और सड़क किनारे खड़ी एक कार के पिछले हिस्से से जा टकराई. टक्कर लगते ही पेट्रोल की वजह से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार को भी अपनी चपेट में ले लिया. बीच सड़क पर धू-धू कर जलते वाहनों को देख राहगीरों के पहिए थम गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.

दमकल ने पाया काबू, कोई जनहानि नहीं

हादसे की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम तत्काल मौके पर पहुँची. दमकल कर्मियों ने कुछ ही देर की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. हालांकि, तब तक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी और कार का पिछला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बाइक में पेट्रोल लीकेज या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. गनीमत यह रही कि इस पूरे हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि खड़ी कार किसकी थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *