Headlines

उदयपुर: दो बाइकों की भीषण भिड़ंत में तीन युवकों की दर्दनाक मौत, एक घायल, नेशनल हाईवे 58E पर हुआ हादसा

उदयपुर जिले के फलासिया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 58E पर रविवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है. बिछीवाड़ा गांव के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरे.

सामाजिक कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब 11:30 बजे हुई। ओडा गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर अनिल कटारा, अक्षय अंगारी और मोहित अंगारी एक ही बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे. इसी दौरान, विपरीत दिशा से बोरिया गांव निवासी यशवंत हिमात अपनी बाइक पर उदयपुर की ओर जा रहा था. बिछीवाड़ा के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई.

मौके पर ही थम गई तीन युवकों की सांसें

हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर ही खून की नदियां बह निकलीं। टक्कर के बाद दो युवकों के हाथ-पैर टूट गए, जबकि एक युवक का सिर फटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही फलासिया थाना पुलिस मौके पर पहुँची. एएसआई चंदूलाल ने बताया कि मृतकों की पहचान अनिल कटारा, अक्षय अंगारी और यशवंत हिमात के रूप में हुई है। वहीं, चौथे युवक मोहित अंगारी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है.

सोमवार सुबह पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद झाड़ोल सरकारी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं. प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि रात के समय तेज हेडलाइट की रोशनी के कारण आंखों में चकाचौंध होने से दोनों बाइक चालक एक-दूसरे को देख नहीं पाए और यह भीषण हादसा हो गया. पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *