उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र के काछबा गांव में शनिवार रात को प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला. यहाँ स्थित प्रसिद्ध रामेश्वर महादेव मंदिर के सामने वाली पहाड़ी पर अचानक भीषण आग लग गई. तेज हवाओं ने आग की चिंगारी को कुछ ही मिनटों में विकराल लपटों में बदल दिया, जिससे करीब 30 बीघा में फैला जंगल जलकर खाक हो गया है. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
तेज हवाओं ने बढ़ाई मुश्किल
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात को पहाड़ी पर अचानक धुंआ और लपटें उठती दिखाई दीं. गर्मी के मौसम और सूखी घास होने के कारण आग ने तेजी से पूरी पहाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया. रात के अंधेरे में आग की ऊंची लपटें कई किलोमीटर दूर से देखी जा सकती थीं. हवा की रफ्तार अधिक होने के कारण आग तेजी से नीचे की ओर फैलने लगी, जिससे पास के आबादी क्षेत्र और खेतों तक आग पहुँचने का खतरा पैदा हो गया है.
दमकल और ग्रामीणों का रेस्क्यू ऑपरेशन
आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए. सरपंच प्रतिनिधि अंबालाल की सूचना पर उदयपुर से दमकल की गाड़ी तुरंत मौके के लिए रवाना हुई. पहाड़ी क्षेत्र और ऊबड़-खाबड़ रास्ता होने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है.
प्रशासन और वन विभाग अलर्ट
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी गोगुंदा पुलिस और वन विभाग की टीम को भी दे दी है. वन संपदा के भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है. प्रशासन की टीम मौके पर स्थिति की निगरानी कर रही है ताकि आग को रिहायशी बस्ती में घुसने से रोका जा सके. फिलहाल आग बुझाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है, लेकिन पथरीली पहाड़ी होने के कारण ऑपरेशन में चुनौतियां आ रही हैं.

