Headlines

उदयपुर: हरियाली अमावस मेले में बड़ा हादसा,फतेहसागर पर अचानक खिसकी चट्टान; तीन लोग घायल

उदयपुर के प्रसिद्ध फतेहसागर झील पर आयोजित हरियाली अमावस मेले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है. ओवरफ्लो गेट के पास अचानक पहाड़ी से एक विशाल चट्टान खिसक कर दुकानों पर आ गिरी. इस हादसे में छोटी दुकान लगाकर बैठे सेक्टर 9 निवासी हरजीत सिंह सरदार सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सिविल डिफेंस की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला.

दुकान पर गिरी चट्टान, पांव में आई गंभीर चोट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरियाली अमावस के अवसर पर फतेहसागर ओवरफ्लो गेट के ठीक सामने मेले में छोटी-छोटी दुकानें लगी हुई थीं. सेक्टर 9 निवासी हरजीत सिंह सरदार भी वहां अपनी दुकान लगाए बैठा था. इसी दौरान ऊपर पहाड़ी से अचानक एक भारी चट्टान नीचे खिसक गई और सीधे हरजीत सिंह के पांव पर आ गिरी. हादसे की चपेट में आने से हरजीत सिंह के साथ मौजूद दो अन्य साथी भी घायल हो गए. चट्टान गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

सिविल डिफेंस की D.Q.R.T टीम ने दिखाई तत्परता

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात सिविल डिफेंस की D.Q.R.T (डिसास्टर क्विक रिस्पांस टीम) के जवानों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. टीम के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए पत्थरों के नीचे फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से महाराणा भूपाल (MB) अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है.

रेस्क्यू टीम में शामिल रहे जांबाज

इस त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन में सिविल डिफेंस के बोट ऑपरेटर कैलाश मेनारिया, रेस्क्यूअर विपुल चौधरी, विजय नकवाल, नरेश चौधरी, हीरालाल प्रजापत और प्रकाश राठौड़ मौजूद रहे. जवानों की त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *