Headlines

उदयपुर: हिम्मत सिंह सोलंकी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, लगातार ठिकाने बदल रहे दो और मुख्य आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में करीब 15 दिन पहले हुए बहुचर्चित हिम्मत सिंह सोलंकी अपहरण और हत्याकांड मामले में पुलिस ने दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पकड़े गए आरोपी नारायणलाल और शंकरलाल गमेती वारदात के बाद से ही लगातार अपने ठिकाने बदल-बदल कर फरार चल रहे थे. सुखेर थाना पुलिस ने जिला साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से जाल बिछाकर दोनों को दबोचा. इस सनसनीखेज मामले में पुलिस अब तक कुल 12 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है.

लाठियों से पीटा, फिर पिकअप में डालकर ले गए थे बदमाश

यह खौफनाक वारदात बीते 26 जून को हुई थी, जब मावली निवासी हिम्मत सिंह सोलंकी (45) अपनी कार से कैलाशपुरी गए थे. वहां सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर वे किसी का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान अचानक एक बिना नंबर की सफेद पिकअप तेज रफ्तार में आई और हिम्मत सिंह की कार को जोरदार टक्कर मार दी. पिकअप रुकते ही उसमें से करीब 7 से 8 हथियारबंद बदमाश नीचे उतरे. बदमाशों ने लाठियों और पत्थरों से हिम्मत सिंह की कार के शीशे तोड़ दिए और उन्हें गाड़ी से खींचकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया.

बदमाश लहूलुहान हालत में हिम्मत सिंह को जबरन अपनी पिकअप में पटककर अपहरण कर ले गए. इसके बाद सुनसान जगह पर धारदार हथियारों से वार कर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. वारदात के बाद जब पुलिस ने सर्च अभियान चलाया, तो भीलों का बेदला क्षेत्र की पहाड़ियों में हिम्मत सिंह का शव बरामद हुआ था.

करणी सेना और परिजनों ने किया था भारी विरोध

दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड के बाद उदयपुर में भारी जनाक्रोश फैल गया था. परिजनों और राजपूत करणी सेना के पदाधिकारियों ने शव को मोर्चरी के बाहर रखकर आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग को लेकर उग्र विरोध प्रदर्शन किया था. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमों का गठन किया था. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे वारदात में शामिल अन्य पहलुओं और बचे हुए अपराधियों के बारे में अहम सुराग हाथ लग सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *