उदयपुर झाड़ोल थाना क्षेत्र के दमाणा गांव में बीती देर रात अज्ञात चोरों ने एक सूने कमरे को निशाना बनाते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया. शातिर चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से एक घर में प्रवेश किया और करीब 25 से 30 तोला सोने-चांदी के जेवरात सहित हजारों की नकदी और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए. सुबह घटना की जानकारी मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर झाड़ोल थानाधिकारी फैली राम तुरंत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना कर जांच शुरू की.
छत पर सोता रहा परिवार, नीचे कमरों को किया बाहर से बंद
जानकारी के अनुसार, वारदात दमाणा निवासी रामसिंह राणावत के मकान में हुई. गर्मी के कारण घटना के वक्त परिवार के अधिकांश सदस्य मकान की छत पर सो रहे थे, जबकि नीचे एक कमरे में रामसिंह की बेटी सोई हुई थी. शातिर चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ घर में प्रवेश किया. पकड़े जाने के डर से चोरों ने सबसे पहले उन सभी कमरों के दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया जिनमें परिवार के लोग सो रहे थे.
तिजोरी का ताला तोड़कर उड़ाया माल
दरवाजे बंद करने के बाद चोरों ने उस कमरे को अपना निशाना बनाया जिसमें तिजोरी और अलमारियां रखी हुई थीं. घटना के वक्त यह कमरा पूरी तरह खाली था, जिसका फायदा चोरों को मिला. चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 25 से 30 तोला सोने व चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामग्री पर हाथ साफ कर दिया और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गए.
सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो उन्हें बंधक होने का अहसास हुआ. जैसे-तैसे दरवाजे खुलवाकर जब वे नीचे आए तो अलमारी का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए. फिलहाल, झाड़ोल थाना पुलिस ने पीड़ितों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर चोरों की तलाश में जुट गई है.

