उदयपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में गोगुंदा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. अपनी ही पत्नी को पीट-पीटकर मौत के घाट उतारने वाले और पिछले 4 महीने से फरार चल रहे शातिर आरोपी शैतान नाथ कालबेलिया को पुलिस ने झाड़ोल के दुर्गम जंगलों से गिरफ्तार कर लिया है. न्यायालय ने आरोपी को 2 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा है.
क्या था मामला?
दिल दहला देने वाली यह घटना 1 जनवरी 2026 को हुई थी. आरोपी शैतान नाथ कालबेलिया ने गोगुंदा थाना क्षेत्र के उण्डीथल गांव स्थित आंबा वन चौकी के पास अपनी पत्नी सीता के साथ बेरहमी से मारपीट की थी. चोटों की वजह से सीता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घने जंगलों और पहाड़ों का फायदा उठाकर फरार हो गया था.
जंगलों में ठिकाने बदलता रहा हत्यारा
वारदात के बाद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था. थानाधिकारी श्याम सिंह चारण के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं. मंगलवार रात पुलिस को पुख्ता मुखबिर सूचना मिली कि आरोपी झाड़ोल के जंगलों में छिपा हुआ है. इस पर टीम ने त्वरित घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया.
रिमांड पर आरोपी, कोर्ट के बाहर दिखा गुस्सा
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को गोगुंदा न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है. रिमांड के दौरान पुलिस हत्या के कारणों और फरारी के दौरान उसे शरण देने वालों के बारे में पूछताछ करेगी.
चौंकाने वाला दृश्य तब देखने को मिला जब आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया. वहां उसके मासूम बच्चे और पीहर पक्ष के लोग भी मौजूद थे. अपनी मां के हत्यारे पिता को देखकर बच्चों की आंखों में आंसू और पीहर पक्ष का भारी आक्रोश नजर आया.
पुलिस टीम की विशेष भूमिका
इस सफल कार्रवाई में एएसआई योगेश्वर सिंह, कांस्टेबल शिव सिंह, नारायण सिंह और वीरेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही. विशेष रूप से कांस्टेबल शिव सिंह और नारायण सिंह ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने में कड़ी मेहनत की.

