Headlines

उदयपुर: शराबबंदी तोड़ी तो दी अमानवीय सजा, उदयपुर के गोगुंदा में युवक को पेड़ से उल्टा टांगा, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप

उदयपुर जिले के गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र के सायरा थाना इलाके से रूह कंपा देने वाली बर्बरता का एक नया मामला सामने आया है. यहाँ समाज के कथित ठेकेदारों और ग्रामीणों का एक बेहद अमानवीय और क्रूर चेहरा देखने को मिला है. आरोप है कि शराबबंदी के नियम को तोड़ने पर एक युवक को तालिबानी सजा देते हुए पेड़ पर रस्सी के सहारे उल्टा लटका दिया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरे उदयपुर संभाग में हड़कंप मच गया है.

वीडियो न बनाने और छिपाने की नसीहत देते दिखे लोग

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक युवक को रस्सी से बांधकर पेड़ पर उल्टा लटका रहे हैं. इस दौरान पीड़ित युवक खुद को बचाने के लिए रस्सी के सहारे पेड़ पर चढ़ने की नाकाम कोशिश करता नजर आ रहा है, लेकिन नीचे खड़े क्रूर लोग उसके पैर पकड़कर नीचे की ओर खींचते हैं. कुछ लोग उसके साथ मारपीट करते और उसके चेहरे पर पानी डालते भी दिखाई दे रहे हैं.

हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी वारदात के दौरान मौके पर मौजूद लोग घटना को दबाने और छिपाने की कोशिश कर रहे थे. वीडियो में लोग एक-दूसरे को मोबाइल से वीडियो न बनाने और इसे सोशल मीडिया पर साझा न करने की नसीहत देते हुए साफ सुने जा सकते हैं.

सायरा इलाके से लगातार दूसरा वीडियो वायरल

गौरतलब है कि सायरा थाना क्षेत्र से क्रूरता का यह लगातार दूसरा वीडियो सामने आया है. कुछ दिनों पहले ही इसी थाना क्षेत्र के कमोल गांव से एक युवक को पेड़ पर उल्टा लटकाकर बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल हुआ था. उस मामले में सायरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा था. लेकिन उस सख्त कार्रवाई के बाद भी अपराधियों में कानून का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है.

इस नए वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन एक बार फिर अलर्ट मोड पर है और वीडियो के आधार पर घटना स्थल और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *