Headlines

डूंगरपुर: मेडिकल कॉलेज के पास कार पर पथराव, बाइक सवार बदमाश ने सरेआम फोड़े शीशे

डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. मंगलवार को घुघरा मेडिकल कॉलेज के पास खड़ी एक कार पर बाइक सवार बदमाश ने सरेआम हमला कर सनसनी फैला दी. बदमाश ने पत्थर मारकर कार के आगे, पीछे और साइड के सभी शीशे तोड़ दिए, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस पूरी घटना के दो वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें आरोपी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है.

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, डूंगरपुर के हाउसिंग बोर्ड निवासी पीड़ित दिनेश कटारा अपनी कार लेकर दोस्तों से मिलने के लिए मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में गया था. दिनेश ने अपनी कार सड़क किनारे पार्क की थी और अपने काम से गया था. इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर आए बदमाश ने अचानक कार पर पत्थरों से हमला शुरू कर दिया. बदमाश ने इतनी बर्बरता से पत्थर बरसाए कि कार का एक भी शीशा सुरक्षित नहीं बचा. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.


वीडियो में कैद हुई गुंडागर्दी

घटनास्थल के पास मौजूद लोगों और सीसीटीवी कैमरों में इस हमले के दो वीडियो रिकॉर्ड हुए हैं. इन वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बदमाश के मन में कानून का कोई डर नहीं है. वह न केवल कार पर हमला कर रहा है, बल्कि चिल्लाते हुए धमकी भी दे रहा है. सरेराह हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है.

पुलिस जांच और कार्रवाई

पीड़ित दिनेश कटारा ने घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी है. पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त कार का मुआयना किया. पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर बदमाश की पहचान करने में जुटी है। प्राथमिक तौर पर यह आपसी रंजिश का मामला लग रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *