Headlines

डूंगरपुर: शिक्षा विभाग में 15 लाख का गबन करने वाला पूर्व कैशियर गिरफ्तार, चेक बाउंस होने पर खुली पोल

डूंगरपुर जिले की धम्बोला थाना पुलिस ने सरकारी धन के साथ धोखाधड़ी और गबन करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने सीमलवाड़ा ब्लॉक के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) कार्यालय के तत्कालीन कनिष्ठ सहायक और कैशियर को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर 15 लाख 21 हजार 549 रुपये की सरकारी राशि की हेराफेरी करने का गंभीर आरोप है.

ऑडिट में सामने आया भ्रष्टाचार का खेल

यह पूरा मामला विभाग के ऑडिट और भौतिक सत्यापन के दौरान उजागर हुआ. धम्बोला थानाधिकारी ने बताया कि वर्तमान ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी क्ष्मण कुमार डामोर ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जांच में सामने आया कि आरोपी अनिल लौहार, जो वर्ष 2008 से 2016 के बीच कार्यालय में कैशियर के पद पर तैनात था, उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सरकारी खजाने में बड़ी सेंध लगाई.

चेक देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

गबन का खुलासा होने के बाद विभाग ने अनिल लौहार को सरकारी राशि वापस जमा कराने का नोटिस दिया था. खुद को बचाने के लिए आरोपी ने विभाग को 5 लाख और 10.21 लाख रुपये के दो चेक सौंपे। लेकिन जब विभाग ने ये चेक बैंक में लगाए, तो खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण दोनों चेक बाउंस हो गए. इससे यह स्पष्ट हो गया कि आरोपी की मंशा सरकारी पैसा लौटाने की नहीं थी.

निलंबन के बाद अब सलाखों के पीछे

धोखाधड़ी और गबन की पुष्टि होने के बाद विभाग ने उसे पहले ही निलंबित कर दिया था. पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की और साक्ष्यों के आधार पर मंगलवार को निलंबित कनिष्ठ सहायक अनिल लौहार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गबन में क्या कार्यालय के अन्य किसी व्यक्ति की भी संलिप्तता थी. इस गिरफ्तारी से जिले के प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के गलियारों में हड़कंप मच गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *