Headlines

धंबोला: सूने मकान को बनाया निशाना, तिजोरी तोड़कर 50 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण चोरी

धंबोला (डूंगरपुर) राजस्थान के धंबोला कस्बे में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. कस्बे के तालाब के पास स्थित एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने 50 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. वारदात उस समय हुई जब पीड़ित परिवार गुजरात में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था.

पीछे का दरवाजा तोड़कर तिजोरी साफ

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित प्रदीप मनसुखराम पंड्या शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अपने परिवार के साथ मालपुर (गुजरात) में एक शादी में गए थे. शाम को जब परिवार वापस लौटा, तो घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. घर का पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर अलमारी की तिजोरी खुली पड़ी थी.

बेटियों के गहने भी ले उड़े चोर

पीड़ित प्रदीप पंड्या ने बताया कि तिजोरी में न केवल उनके बल्कि उनकी दोनों शादीशुदा बेटियों के आभूषण भी सुरक्षा के लिहाज से रखे हुए थे. इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों और बच्चों के कीमती जेवर भी गायब हैं. जीवन भर की जमा पूंजी एक झटके में चले जाने से परिवार सदमे में है.

पुलिस और जनप्रतिनिधि पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही धंबोला थाना अधिकारी देवेन्द्र देवल पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए. वारदात की गंभीरता को देखते हुए पूर्व राज्यमंत्री सुशील कटारा, पूर्व प्रधान निमिषा भगोरा और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.

“पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. संदिग्धों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. — थाना पुलिस, धंबोला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *