डूंगरपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन स्वच्छता” अभियान के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने एक किराना दुकान की आड़ में बेचे जा रहे सूखे गांजे का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने न केवल सूखा गांजा बरामद किया, बल्कि आरोपी के खेत में लहलहा रहे गांजे के पौधों को भी जब्त किया है.
किराना दुकान के काउंटर के पीछे था ‘नशा’
बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाशचंद्र सोनी और डीएसटी टीम ने मुखबिर की सूचना पर भुवाली पिपलिया फला में नेशनल हाईवे-48 (NH-48) के किनारे स्थित एक किराना दुकान पर अचानक दबिश दी. तलाशी के दौरान पुलिस तब हैरान रह गई जब दुकान के काउंटर के पीछे रखे थैलों से 3.675 किलोग्राम सूखा गांजा बरामद हुआ. दुकान संचालक हरीश डामोर (38) ग्राहकों को सामान देने के बहाने अवैध नशे की सप्लाई कर रहा था.
खेत में सब्जियों के बीच उगा रखे थे 109 पौधे
पुलिस की जांच केवल दुकान तक सीमित नहीं रही। जब आरोपी के घर के पीछे स्थित खेत की तलाशी ली गई, तो वहां चालाकी से सब्जियों और घास के बीच गांजे की खेती की जा रही थी. पुलिस ने मौके से गांजे के 109 छोटे-बड़े पौधे जड़ सहित उखाड़कर जब्त किए. इन हरे पौधों का कुल वजन 1.936 किलोग्राम पाया गया.
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी हरीश पुत्र नाथुलाल डामोर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. जब्त किए गए सूखे गांजे और पौधों की कुल मात्रा के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस का बयान: “ऑपरेशन स्वच्छता के तहत यह एक बड़ी कार्रवाई है. हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि आरोपी यह गांजा कहां से लाता था और उसके तार किन-किन तस्करों से जुड़े हुए हैं. जिले को नशा मुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है.
इस पूरी कार्रवाई में डीएसटी टीम की तकनीकी दक्षता और बिछीवाड़ा पुलिस की सतर्कता सराहनीय रही. फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अन्य नशा तस्करों के नामों का खुलासा होने की उम्मीद है.

