Headlines

डूंगरपुर: NH-48 पर पत्थरबाजों का आतंक: चलती कार पर पथराव, मासूम बच्ची के सिर में लगी गंभीर चोट

राजस्थान के डूंगरपुर जिले में नेशनल हाईवे 48 (NH-48) पर पत्थरबाजों की सक्रियता ने एक बार फिर राहगीरों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिए हैं. शनिवार देर रात बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक चलती इनोवा कार को निशाना बनाते हुए पथराव कर दिया. इस हमले में कार में सवार एक मासूम बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई है.

मोडासा से लौट रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डूंगरपुर शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत लालपुरा निवासी मोहम्मद रैहान अपने परिवार के साथ निजी कार्य से मोडासा (गुजरात) गए थे. शनिवार रात को पूरा परिवार इनोवा कार से वापस डूंगरपुर लौट रहा था. जैसे ही उनकी कार बिछीवाड़ा थाने से महज 1 किलोमीटर दूर पहुंची, अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया.

शीशा तोड़कर बच्ची के सिर पर लगा पत्थर

हमले के दौरान 4 से 5 बड़े पत्थर सीधे कार की बॉडी और साइड ग्लास पर लगे. इसी बीच एक भारी पत्थर कांच को चकनाचूर करते हुए कार के भीतर जा घुसा और पीछे बैठी बालिका अलीना के सिर पर जा लगा. पत्थर लगते ही अलीना लहूलुहान हो गई और कार में चीख-पुकार मच गई. हमले से सहमे परिवार को बचाने के लिए चालक ने सूझबूझ दिखाई और कार को रुकवाने के बजाय तेज गति से वहां से निकाल लिया.

अस्पताल में भर्ती

परिजनों ने घायल अलीना को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया. बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और सिर पर 3 टांके लगाए.

पुलिस अब अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुट गई है। इस घटना के बाद से हाईवे पर सफर करने वाले लोगों में भारी दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *