डूंगरपुर राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा संचालित ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत रविवार को डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पर भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला. जिले के सैकड़ों बुजुर्गों का तीर्थ यात्रा पर जाने का सपना साकार हुआ, जब डूंगरपुर रेलवे स्टेशन से विशेष तीर्थ यात्री ट्रेन को रामेश्वरम और मदुरै के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
352 तीर्थ यात्रियों का जत्था रवाना
देवस्थान विभाग की सहायक आयुक्त दीपिका मेघवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष ट्रेन में कुल 352 तीर्थ यात्री सवार हुए हैं. इनमें डूंगरपुर जिले के 205 और बांसवाड़ा जिले के 147 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं. स्टेशन पर यात्रियों के परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने फूल-मालाओं और जयकारों के साथ बुजुर्गों को विदा किया.
गणमान्य अतिथियों ने दिखाई हरी झंडी
इस गरिमामय कार्यक्रम के दौरान पूर्व राज्य मंत्री सुशील कटारा, समाजसेवी पंकज कुमार जैन, जयेंद्र सिंह, विमल सोनी, तरुण ननोमा, सतीश जैन और अजीत जैन ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. अतिथियों ने यात्रियों को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं और राज्य सरकार की इस योजना की सराहना की.
ट्रेन में विश्वस्तरीय सुविधाएं और सुरक्षा
सहायक आयुक्त ने बताया कि यह विशेष ट्रेन पूरी तरह वातानुकूलित (AC) है, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को सफर में किसी प्रकार की असुविधा न हो. यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखते हुए ट्रेन में एक ‘ट्रेन प्रभारी’ नियुक्त किया गया है. इसके अलावा:
- प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारी अनुदेशक (इन्सट्रक्टर) के रूप में तैनात हैं.
- चिकित्सा सुविधा के लिए एक डॉक्टर और दो नर्सिंग अधिकारियों की टीम साथ भेजी गई है.
- कार्यक्रम का सफल संचालन यात्रा प्रबंधक गिरीश व्यास द्वारा किया गया.
टिकट वितरण और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में अवन शर्मा, कल्याण सिंह सिसोदिया, अमर सिंह चौहान, विनय जोशी, दुर्गा गमेती और जगदीप शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. यह यात्रा बुजुर्गों के लिए आस्था के साथ-साथ राजकीय सम्मान का भी प्रतीक बनी है.

