Headlines

डूंगरपुर: खूनी संघर्ष में बदला जमीन विवाद, छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर किया धारदार हथियार से हमला; जिला अस्पताल में भर्ती

डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के बुवेला (गुमानपुरा) गांव में मंगलवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका उपचार डूंगरपुर जिला अस्पताल में चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

खेत पर अकेले पाकर किया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुवेला निवासी भोगीलाल पुत्र हाजा डामोर का अपने छोटे भाई छोटेलाल डामोर के साथ पिछले लंबे समय से पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. कई बार समझाइश के बावजूद दोनों के बीच तनातनी बनी हुई थी. मंगलवार दोपहर जब भोगीलाल अपने घर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित खेत पर काम करने गया था, तभी घात लगाकर बैठे छोटे भाई छोटेलाल ने उस पर हमला बोल दिया.

सिर पर वार, लहूलुहान होकर गिरा पीड़ित

चश्मदीदों और परिजनों के अनुसार, विवाद के दौरान आवेश में आए छोटेलाल ने धारदार हथियार से भोगीलाल के सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार वार किया. हमला इतना तेज था कि भोगीलाल के सिर से गहरा घाव हो गया और अत्यधिक खून बहने लगा. चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया.

अस्पताल में उपचार और पुलिस कार्यवाही

लहूलुहान हालत में परिजन भोगीलाल को निजी वाहन की मदद से तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां सर्जिकल वार्ड के डॉक्टरों ने घायल का प्राथमिक उपचार कर उसे भर्ती किया है. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल भोगीलाल के बयान दर्ज किए. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और आरोपी छोटे भाई की तलाश शुरू कर दी है. गांव में इस घटना के बाद से ही सन्नाटा पसरा हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *