उदयपुर जिले के पहाड़ा थाना क्षेत्र के खेड़ाघाटी (बलीचा) में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. शादी समारोह से घर लौट रहे 35 वर्षीय युवक नीलेश गरासिया पर करीब आधा दर्जन बदमाशों ने तलवारों से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. इस नृशंस हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया है, जिसके चलते प्रशासन ने एहतियातन तीन थानों की पुलिस और भारी जाब्ता तैनात किया है.
रास्ते में रोककर किया जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, मृतक नीलेश उर्फ पप्पू गरासिया अहमदाबाद में सिविल ठेकेदार था और परिवार में शादी होने के कारण गांव आया हुआ था. सोमवार रात करीब 2 बजे वह अपने चचेरे भाई नरेश के साथ स्कूटी पर शादी समारोह से घर लौट रहा था. समारोह स्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे 6-7 बदमाशों ने उन्हें बीच सड़क पर रोक लिया.
प्रत्यक्षदर्शी नरेश ने बताया कि आरोपियों ने अचानक तलवारों से हमला शुरू कर दिया. हमले में नीलेश का हाथ कट गया और गर्दन व कमर पर गहरे घाव होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. नरेश ने भागकर अपनी जान बचाई और ग्रामीणों को सूचना दी, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े ग्रामीण
वारदात के बाद मंगलवार सुबह से ही खेड़ाघाटी और आसपास के ग्रामीण आक्रोशित हैं. परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया. ऋषभदेव डीएसपी राजीव राहर और तीन थानों की पुलिस ग्रामीणों से समझाइश की कोशिश कर रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक गतिरोध जारी है. पुलिस ने शव को खेरवाड़ा हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है, जहां परिजनों की सहमति के बाद ही पोस्टमॉर्टम किया जाएगा.
पुरानी रंजिश और संदिग्ध भूमिका
प्राथमिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है. चचेरे भाई नरेश ने अनिल, विपिन, जयदीप, बद्री और हितेश सहित अन्य के खिलाफ नामजद जानकारी दी है. बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ आरोपी शादी समारोह में भी मौजूद थे और नीलेश के बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे. पुलिस ने हमलावरों की तलाश में टीमें रवाना कर दी हैं और फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं.

