Headlines

डूंगरपुर: जमीनी विवाद में चाचा की पीट-पीटकर हत्या, तीसरे दिन हो सका पोस्टमार्टम; 21 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के देवला फला मूंगाना गांव में जमीनी रंजिश और रास्ते के पेड़ काटने को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की जान चली गई. अपने ही भतीजे और उसके परिजनों द्वारा की गई पिटाई से घायल चाचा की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा. पुलिस की लंबी समझाइश और 21 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद, घटना के तीसरे दिन शव का पोस्टमार्टम संभव हो सका.

पेड़ काटने के विवाद ने लिया हिंसक रूप

दोवड़ा थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि यह दुखद घटना 29 मार्च को घटित हुई थी. गांव के देवला फला मूंगाना में जमीन और रास्ते में लगे पेड़ काटने की बात को लेकर गटू और उसके भतीजे रमेश के परिवार के बीच विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रमेश और उसके साथियों ने अपने सगे चाचा गटू पर लाठियों और सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोटें आने के कारण गटू की मौके पर ही मौत हो गई.

आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़ा रहा परिवार

वारदात के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया, लेकिन पीड़ित परिवार और ग्रामीण आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़ गए. परिजनों ने साफ कर दिया कि जब तक हत्यारे पकड़े नहीं जाते, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे. इस गतिरोध के चलते 29 और 30 मार्च को अस्पताल परिसर में गहमागहमी बनी रही और पोस्टमार्टम नहीं हो पाया.

21 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज

स्थिति को देखते हुए पुलिस के उच्च अधिकारियों ने परिजनों से लंबी वार्ता की. आखिरकार, पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी रमेश सहित कुल 21 लोगों के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज किया. कानूनी कार्यवाही के भरोसे के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए. बुधवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. फिलहाल पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *