Headlines

डूंगरपुर के 67वें कलेक्टर होंगे आईएएस देशलदान, अंकित कुमार सिंह का फलौदी ट्रांसफर

राजस्थान की भजनलाल सरकार ने मंगलवार देर रात एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 65 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल का सीधा असर डूंगरपुर जिले पर भी पड़ा है. डूंगरपुर के वर्तमान कलेक्टर अंकित कुमार सिंह का स्थानांतरण कर दिया गया है और उनकी जगह आईएएस देशलदान को जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है.

कौन हैं नए कलेक्टर देशलदान?

डूंगरपुर के 67वें कलेक्टर बनने जा रहे देशलदान इससे पहले अजमेर नगर निगम में आयुक्त के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे. अपनी कार्यकुशलता और प्रशासनिक पकड़ के लिए पहचाने जाने वाले देशलदान के कंधों पर अब वागड़ अंचल के इस महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी होगी. जिले के विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति देना उनकी प्राथमिकता रहेगी.

अंकित कुमार सिंह को मिली फलौदी की जिम्मेदारी

आईएएस अंकित कुमार सिंह, जो 8 जनवरी 2024 से डूंगरपुर कलेक्टर के पद पर तैनात थे, अब फलौदी जिले के नए कलेक्टर होंगे. डूंगरपुर में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जनसुनवाई और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया था. अब वे सीमावर्ती जिले फलौदी में अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे.

प्रशासनिक महकमे में हलचल

देर रात जारी हुई इस तबादला सूची के बाद डूंगरपुर के प्रशासनिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. नए कलेक्टर के आने के बाद जिले के अन्य विभागों और उपखंड स्तर पर भी बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है. उम्मीद है कि नए कलेक्टर जल्द ही कार्यभार संभालेंगे और जिले की लंबित समस्याओं व विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *