Headlines

डूंगरपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता ने लगाया फंदा; 3 साल पहले हुआ था प्रेम विवाह, डेढ़ साल की मासूम के सिर से उठा मां का साया

डूंगरपुर जिला मुख्यालय के निकटवर्ती कोतवाली थाना क्षेत्र के बलवाड़ा गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. इस आत्मघाती कदम के बाद गांव में सनसनी फैल गई है. मृतका की पहचान 25 वर्षीय सीमा के रूप में हुई है, जिसकी मौत के बाद उसकी डेढ़ साल की मासूम बेटी रितिका के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है.

3 साल पहले हुआ था प्रेम विवाह

जानकारी के अनुसार, सीमा का करीब तीन साल पहले बलवाड़ा निवासी नरेश अहारी के साथ प्रेम विवाह हुआ था. दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य चल रहा था और उनकी एक छोटी बेटी भी है. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाने के एसआई रमेश चंद्र पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.

दो दिन पहले ही पीहर से लौटी थी सीमा

मृतका के पिता कांतिलाल कटारा (निवासी रेलडा) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सीमा बीते 29 मार्च को अपने पीहर रेलडा आई थी. वहां दो दिन रुकने के बाद 31 मार्च को उसके माता-पिता स्वयं उसे ससुराल बलवाड़ा छोड़कर आए थे. ससुराल लौटने के महज दो दिन बाद ही सीमा ने घर के अंदर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली.

पीहर पक्ष की मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम

घटना की जानकारी मिलते ही पीहर पक्ष के लोग भी भारी संख्या में बलवाड़ा पहुंचे. पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर डूंगरपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. मेडिकल बोर्ड और पीहर पक्ष की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

जांच में जुटी पुलिस,

फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस मृतका के पति और अन्य ससुराल वालों से पूछताछ कर रही है. चूंकि मामला विवाहिता की मौत से जुड़ा है और शादी को अभी केवल तीन साल ही हुए हैं, इसलिए पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. क्या यह घरेलू कलह का मामला है या कोई अन्य मानसिक तनाव, इसका पता लगाने के लिए पुलिस कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *