Headlines

एक्शन मोड में जिला कलेक्टर देशलदान: डूंगरपुर शहर की सड़कों पर पैदल घूमकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा, अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

डूंगरपुर जिले के नवागत जिला कलेक्टर देशलदान ने कार्यभार संभालते ही शहर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए जमीनी स्तर पर मोर्चा संभाल लिया है. बुधवार को जिला कलेक्टर शहर के भ्रमण पर निकले और पैदल घूमकर विभिन्न क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शहर के सौंदर्यीकरण, लाइट व्यवस्था और अतिक्रमण जैसे गंभीर मुद्दों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

इन प्रमुख क्षेत्रों का किया निरीक्षण

जिला कलेक्टर ने अपने भ्रमण की शुरुआत शहर के व्यस्ततम इलाकों से की. उन्होंने मानक चौक, सर्राफा बाजार, दर्जीवाड़ा, पुराना हॉस्पिटल चौराहा, तहसील चौराहा और गेपसागर की पाल का सघन निरीक्षण किया. कलेक्टर ने बाजार की संकरी गलियों में व्यवस्थाओं को देखा और व्यापारियों व आमजन को होने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली.

अतिक्रमण और सफाई को लेकर सख्त रुख

निरीक्षण के दौरान नगर परिषद आयुक्त प्रकाश डूडी ने कलेक्टर को शहर की लाइट व्यवस्था, गेपसागर झील में जल आवक मार्ग और शहर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की प्रगति के बारे में विस्तार से बताया. कलेक्टर देशलदान ने शहर के मुख्य चौराहों और जल आवक मार्गों पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के सख्त निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता और जल स्रोतों के संरक्षण से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

गेपसागर झील की पाल पर सौंदर्यीकरण पर चर्चा

शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली गेपसागर झील की पाल पर भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने वहां की लाइटिंग और पर्यटकों के लिए सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने निर्देश दिए कि झील में गिरने वाले गंदे पानी को रोका जाए और जल आवक मार्गों को पूरी तरह साफ रखा जाए ताकि आगामी मानसून में झील का जलस्तर सुव्यवस्थित रहे.

इस अवसर पर डूंगरपुर उपखंड अधिकारी (SDM) सोनू कुमार गुर्जर, नगर परिषद आयुक्त प्रकाश डूडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे. कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण से प्रशासनिक महकमे में हलचल मची रही और आमजन ने उनके इस सक्रिय रुख की सराहना की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *