Headlines

उदयपुर: चीरवा टनल के पास भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की टक्कर से तीन युवकों की मौके पर ही मौत

उदयपुर जिले के सुखेर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. उदयपुर-नाथद्वारा नेशनल हाईवे पर चीरवा टनल के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद चालक ट्रेलर को छोड़कर फरार हो गया.

तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार शाम करीब 5 बजे की है. बाइक सवार तीनों युवक हाईवे से गुजर रहे थे, तभी राजसमंद की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. चश्मदीदों के मुताबिक, ट्रेलर की रफ्तार बहुत अधिक थी. टक्कर लगते ही तीनों युवक हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरे, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई.

हादसे के बाद ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. ट्रेलर में भरे कट्टे हाईवे पर बिखर गए, जिससे काफी देर तक यातायात बाधित रहा.

शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सुखेर थानाधिकारी भरत योगी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और भीड़ को हटाकर यातायात सुचारू करवाया. पुलिस ने तीनों शवों को एम्बुलेंस की मदद से उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है.

थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि मृतकों के पास से फिलहाल ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उनकी पहचान हो सके. पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों और सोशल मीडिया के जरिए युवकों की शिनाख्त करने के प्रयास कर रही है ताकि उनके परिजनों को सूचित किया जा सके.

फरार चालक की तलाश जारी

प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण ट्रेलर चालक की लापरवाही और अत्यधिक तेज रफ्तार को माना जा रहा है. पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए टीम गठित की है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शिनाख्त होने के बाद शुरू की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *