Headlines

डूंगरपुर: एसपी मनीष कुमार ने ली क्राइम मीटिंग, कहा– अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले अपराधियों पर होगी सर्जिकल स्ट्राइक

डूंगरपुर जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) ली. बैठक में एसपी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के सख्त निर्देश दिए.

अवैध संपत्ति बनाने वालों के खिलाफ बनेगी कार्ययोजना

बैठक के दौरान एसपी मनीष कुमार ने एक कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जो अपराधी अवैध गतिविधियों और तस्करी के माध्यम से संपत्ति अर्जित कर रहे हैं, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे अपराधियों को चिन्हित कर उनकी संपत्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिसे आगामी दिनों में जिले भर में प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा.

एनडीपीएस और अवैध शराब तस्करी पर प्रहार

एसपी ने थानेवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और अनुसंधान में तेजी लाते हुए मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए. उन्होंने विशेष रूप से एनडीपीएस (मादक पदार्थ), आबकारी अधिनियम और अवैध शराब तस्करी जैसे गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीमों को सक्रिय रहने को कहा. जघन्य अपराधों के मामलों में एसपी ने त्वरित अनुसंधान कर चालान पेश करने पर बल दिया.

विभिन्न पुलिस ऑपरेशन्स की हुई समीक्षा

बैठक में पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति जांची गई. एसपी ने साइबर अपराधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ और सीसीटीवी सुरक्षा के लिए ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ की समीक्षा की. साथ ही डूंगरपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे स्थानीय अभियानों के तहत वांछित अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए.

एसपी मनीष कुमार ने सभी थानाधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें, ताकि आमजन में सुरक्षित वातावरण का अहसास हो. उन्होंने ‘आमजन में विश्वास और अपराधियों में डर’ के ध्येय वाक्य को चरितार्थ करने के लिए पुलिस को जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए. बैठक में जिले के सभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्त अधिकारी और थानाधिकारी उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *