Headlines

डूंगरपुर: “ऑपरेशन म्यूल हंटर” के तहत पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर ठगी करने वाले 6 साइबर अपराधी गिरफ्तार

डूंगरपुर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन म्यूल हंटर” और “ऑपरेशन साइबर हंट” के तहत डूंगरपुर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है . पुलिस ने देशभर के लोगों से एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है.

तालाब के किनारे बैठकर चल रहा था ठगी का खेल

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार (IPS) के निर्देशन में साइबर सेल और सागवाड़ा पुलिस की संयुक्त टीमों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. पुलिस को सूचना मिली थी कि सागवाड़ा थाना क्षेत्र के भासौर-बनकोड़ा रोड पर तालाब के पास कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं. पुलिस टीम ने जब झाड़ियों की ओट से घेराबंदी की, तो पाया कि ये युवक अपनी पहचान छुपाकर लोगों को एस्कॉर्ट सर्विस का झांसा दे रहे थे. मौके से पुलिस ने मुकेश पटेल, मुकेश पाटीदार, लालजी पाटीदार, पंकज पाटीदार, पीयूष पटेल और कमलेश पाटीदार को गिरफ्तार किया है.

अश्लील फोटो भेजकर जाल में फंसाते थे ठग

पकड़े गए अपराधियों ने पूछताछ में बताया कि वे विभिन्न वेबसाइटों (जैसे Locanto, Skooka आदि) पर फर्जी विज्ञापन देते थे. इसके बाद व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से इंटरनेट से डाउनलोड किए गए अश्लील फोटो भेजकर लोगों को झांसे में लेते थे. एडवांस अमाउंट और लड़की उपलब्ध करवाने के नाम पर ये ठग फर्जी बैंक खातों में पैसे डलवाते थे.

भारी मात्रा में फर्जी सिम और मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे 12 मोबाइल फोन और 17 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि ये युवक अपने मौज-शौक पूरा करने के लिए ठगी का रास्ता अपना रहे थे और अपने घरों के नाबालिगों को भी इस अपराध में धकेल रहे थे.

पुलिस के अनुसार, डूंगरपुर जिले में अब तक साइबर ठगी के विरुद्ध कुल 21 प्रकरण दर्ज कर 117 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस अब इन अपराधियों के नेटवर्क और ठगे गए रुपयों के लेन-देन की गहराई से जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *