डूंगरपुर जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में अवैध शराब परिवहन के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन स्वच्छता” के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की ब्रेजा कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई जा रही है .
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
थानाधिकारी कैलाशचन्द्र सोनी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल श्रवण कुमार मय जाब्ते के गश्त पर थे. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिछीवाड़ा की तरफ से एक सफेद ब्रेजा कार (नंबर GJ 27 DH 6930) अवैध शराब भरकर मालमाथा की ओर जा रही है. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने धामोद रेलवे ब्रिज के पास नाकाबंदी शुरू की.
अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुआ तस्कर
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार आती दिखाई दी. पुलिस को सामने देखकर चालक घबरा गया और नाकाबंदी स्थल से करीब 80-90 मीटर पहले ही कार छोड़कर खेतों और जंगल की तरफ भागने लगा. पुलिस जाब्ते ने उसका पीछा किया, लेकिन रात के अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर आरोपी फरार होने में सफल रहा.
राजस्थान निर्मित शराब के 39 कर्टन जब्त
पुलिस ने जब लावारिस मिली कार की तलाशी ली, तो उसमें पीछे की सीट और डिग्गी में शराब के कार्टन भरे हुए थे. थाने लाकर गिनती करने पर पुलिस को कुल 39 कर्टन शराब मिली, जिन पर “Sale in Rajasthan Only” अंकित था. इसमें शामिल थे:
- ग्रीन लेबल पव्वे: 20 कार्टन
- किंगफिशर टिन बीयर: 10 कार्टन
- 8 PM स्पेशल पव्वे: 05 कार्टन
- मैजिक मूवमेन्ट पव्वे: 04 कार्टन

